Breaking News

6 फूड जो हैं दिल के लिये फायदेमंद

जो जिंदगी इन दिनों शहर के लोग जी रहे हैं, वह दिल की सेहत के लिहाज से बड़ी गलत है। यही वजह है कि आए दिन किसी जवान शख्स को दिल का दौरा पड़ने की खबर मिल जाती है। दिल का सबसे बड़ा दुश्मन होता है कॉलेस्ट्रॉल और ये बेतरतीब के खानपान से पैदा होता है। हालांकि खाने-पीने की कई ऐसी चीजे भी हैं, जो दिल को खतरे से दूर रखने का काम करती हैं। उनमें से 6 के बारे में हम आपको यहां बता रहे हैं।

image-courtesy-of-lobster20
Image courtesy of Stuart Miles at FreeDigitalPhotos.net

1बादाम (Almonds) – बादाम के बारे में बड़े-बूढ़े जो कह गए हैं, अगर उसपर ऐतबार न हो तो आज के बड़े वैज्ञानिकों की बात सुन लीजिए। वो कहते हैं कि बादाम में ऐसे तत्व होते हैं, जो बुरे कॉलेस्ट्रॉल को जमा होने से रोकते हैं। ये बुरा कॉलेस्ट्रॉल ही होता है जो खून की नलियों में जमकर उन्हें संकरा कर देता है और इसकी बदमाशी नहीं रोकी जाती तो ये खून की नलियों पर इतना दबाव डाल देता है कि मामला दिल के दौरे तक पहुंच जाता है। बादाम दिमाग, बालों और ताकत के लिए भी अच्छा है। इसके अलावा अगर एक मुट्ठी बादाम खा लें तो ये तगड़ी से तगड़ी भूख को मार देता है। अगर बादाम खाने के बारे में सोच रहे हैं तो बुजुर्गों की एक सलाह याद रखें। बादाम को भिगोकर, बड़े आराम से चबा-चबा कर खाएं। कहते हैं बादाम पेट में नहीं बल्कि मुंह में पचता है। उसका जितना हिस्सा खड़ा रह जाएगा, वो अगले दिन सुबह वैसा का वैसा निकल जाएगा।

2 जौ (Barley)– आपको नहीं पता तो अपनी माता जी पूछ लें और उन्हें नहीं पता तो दादी को हर हाल में पता होगा। जौ पहले के जमाने में तो खूब इस्तेमाल होती थी। ये बड़ा जबरदस्त फाइबर है। अगर कॉलेस्ट्रॉल का लेवल घटाना हो तो लगातार ढेर-ढेर सारा जौ खाएं। जौ खाने का सबसे आसान तरीका है उसे गेहूं में पिसवा लें। जौ का सत्तू भी मिलता है। सूप को गाढ़ा बनाने में भी इसका इस्तेमाल होता है।

3 जई (Oats) – ये भी जौ के परिवार की ही चीज है और इसका काम भी वैसा ही है। वैसे जौ के मुकाबले इसे खाना जरा आसान होता है। ओट्स की तो दर्जनों रेसिपी आजकल तैयार हो रही हैं। जैसे चाहें वैसे खाएं। इसे खाने से अच्छा वाला कॉलेस्ट्रॉल तेजी से बढ़ता है। अब और क्या बताएं इसके बारे में टीवी में विज्ञापन तो आप देख ही रहे होंगे।
4 ऑलिव ऑयल (olive oil)– इसमें खासतौर पर दो चीजें होती हैं एक ये बुरे कॉलेस्ट्रॉल को घटाता है और दूसरी इसमें ऐसा फैट होता है जो दिल के लिये अच्छा होता है। इसके अलावा इसमें एंटी ऑक्सिडेंट्स भी होते हैं जो रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ाते हैं। इसे आप खाने में इस्तेमाल करें या सलाद में वैसे आप इसे सीधे एक चम्मच पी सकते हैं। एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल थोड़ा कड़वा थोड़ा कसैला होता है मगर कुछ दिनों में आदत पड़ जाएगी।

5 टमाटर (Tomato)– आपने कभी सोचा है टमाटर में क्या भरा होता है? इसमें विटामिन भरे होते हैं तभी तो टमाटर के गाल लाल होते हैं….। टमाटर में खून को साफ करने की ताकत होती है। इसे कैसे खाना है ये बताने की जरूरत नहीं, वैसे धोकर सलाद के साथ खाएंगे तो ज्यादा फायदा पाएंगे। टमाटर शरीर में अंदरूनी टूटफूट की मरम्मत भी करता है। जिम जाने वालों को हर रोज टमाटर खाना चाहिए।

6 सेब और सोया (Apple and soya)– इसके बारे में सब जानते हैं, हम सिर्फ आपको याद दिला रहे हैं। बस सलाह इतनी है कि इसे सुबह-सुबह खाएं और धोकर खाएं। वो कहावत याद रखना एन एप्पल ए डे, कीप द डॉक्टर अवे…रोज एक सेब खाएंगे तो डॉक्टर के पास जाने की नौबत नहीं आएगी। अगर प्रोटीन के साथ-साथ दिल की भी चिंता है तो सोयाबीन को अपनाएं। इसमें प्रोटीन की मात्रा मटन और बीफ के बराबर होती है मगर ये मटन वगैरा की तरह बुरे कॉलेस्ट्रॉल को बढ़ाता नहीं है।

 

Check Also

100 ग्राम राजमा यानी प्रोटीन और आयरन का महासंगम

प्रोटीन का नाम सुनकर जिन चीजों की तस्वीरें दिमाग में आती हैं उनमें से एक …

Leave a Reply